
Raipur police : आईजी अमरेश मिश्रा ने ली ट्रैफिक कर्मचारियों की बैठक, बेहतर यातायात व्यवस्था व स्मार्ट पुलिसिंग पर दिए अहम निर्देश
रायपुर – राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात आरक्षकों और प्रधान आरक्षकों से यातायात संचालन, ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं, और समाधान के लिए विचार-विमर्श किया गया।


इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) डॉ. प्रशांत शुक्ला, डॉ. अनुराग झा, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री सतीष ठाकुर एवं गुरजीत सिंह भी उपस्थित रहे।
आईजी मिश्रा ने कहा कि “ट्रैफिक पुलिस किसी भी शहर की पहली छवि होती है। बाहर से आने वाला व्यक्ति सबसे पहले यातायात व्यवस्था और ट्रैफिक पुलिस से ही शहर की पहचान करता है।” उन्होंने ट्रैफिक ड्यूटी को पुलिस विभाग की सबसे कठिन ड्यूटी बताते हुए जवानों की सेवाओं की सराहना की और उन्हें विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने ट्रैफिक जवानों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और आशावादी दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि “एक निराशावादी व्यक्ति न तो स्वयं आगे बढ़ सकता है, न ही अपने परिवार को उन्नति की राह दिखा सकता है।”
आईजी मिश्रा ने कर्मचारियों को अपराधियों की पहचान करने की सजगता और सतर्कता रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों का सामना सबसे पहले ट्रैफिक पुलिस से होता है, अतः वाहन चालकों के हावभाव, आंखों की गतिविधियों से उनका व्यवहार पहचानने की कला आवश्यक है।
बैठक में जवानों ने अपनी समस्याएं भी साझा कीं। जवानों ने बताया कि वीवीआईपी मूवमेंट के कारण प्रतिदिन 10–12 घंटे ड्यूटी करनी पड़ती है। सफेद वर्दी एक दिन से अधिक उपयोग नहीं हो पाती, जिससे वार्षिक रूप से कम से कम 4 जोड़ी वर्दियां बनानी पड़ती हैं। इसके लिए विशेष यूनिफॉर्म भत्ते की मांग की गई। इसके अलावा, गर्मियों में वर्तमान ट्रैफिक कैप से सिर दर्द होने की समस्या बताई गई और पी-कैप को विकल्प के रूप में सुझाया गया। आईजी ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु जवानों से सुझाव भी मांगे गए। अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर ने सभी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया और आश्वस्त किया कि हर संभव सहयोग और समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।




