रायपुर। तीजा पर्व पर घर जाने वाली महिलाओं के साथ रोजाना लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। रेलवे ने उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के चलते 13 और 14 सितंबर को कई लोकल और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द किया है। इससे कोरबा, बिलासपुर, रायपुर, गेवरा रोड और इतवारी के बीच सफर करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
रायपुर मंडल में उरकुरा-रायपुर स्टोर डिपो के बीच दोहरीकरण परियोजना के तहत उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य होना है। इसी वजह से 13 और 14 सितंबर को यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
तीजा पर्व के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य यात्री अपने घरों की ओर जाते हैं। बसों में भीड़ से बचने के लिए लोकल और पैसेंजर ट्रेनों पर निर्भर रहने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ जाती है। ऐसे समय में ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, लोकल ट्रेनों के बंद रहने से एक्सप्रेस ट्रेनों में भी यात्रियों का दबाव बढ़ने की संभावना है।
13 सितंबर को ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे के अनुसार 13 सितंबर को गाड़ी संख्या 68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू, 68734 बिलासपुर-गेवरारोड मेमू, 68733 गेवरारोड-बिलासपुर मेमू, 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू, 58203 कोरबा-रायपुर पैसेंजर, 58205 रायपुर-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी पैसेंजर और 68746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
14 सितंबर को इन ट्रेनों का परिचालन बंद
14 सितंबर को 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर, 58206 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-रायपुर पैसेंजर और 68745 गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर का परिचालन रद्द रहेगा।
इसके अलावा 13 सितंबर को 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त होगी और बिलासपुर-गोंदिया के बीच रद्द रहेगी। वहीं 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन से प्रारंभ होगी और गोंदिया-बिलासपुर के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
कोरबा से नागपुर तक यात्रियों पर असर
लोकल और पैसेंजर ट्रेनों के प्रभावित होने से कोरबा से रायपुर, बिलासपुर, गेवरा रोड और इतवारी के साथ नागपुर की ओर जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों से छोटे शहरों तक आने-जाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री इन ट्रेनों पर निर्भर रहते हैं। तीजा पर्व के बीच ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को बसों और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।






