पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुखों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक में एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें पश्चिमी सीमा की सुरक्षा स्थिति और भारतीय सशस्त्र बलों की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की गई। इस बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह मौजूद रहे।
पाकिस्तान के ड्रोन-मिसाइल हमलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने किया नाकाम
बैठक से पहले पाकिस्तान ने गुरुवार रात लगभग 8 बजे भारत के विभिन्न शहरों और सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले करने की कोशिश की, जिसे भारत के अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम ने सफलतापूर्वक विफल कर दिया। इसके जवाब में भारतीय सेना ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया।
रक्षा मंत्री की अध्यक्षता में दो घंटे चली बैठक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने CDS और तीनों सेनाध्यक्षों के साथ लगभग दो घंटे तक बैठक की। इस दौरान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान के साथ वर्तमान स्थिति की जानकारी दी, वहीं वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने एयरफोर्स की जवाबी कार्रवाई का ब्योरा साझा किया।
कॉम्बैट ड्रेस में दिखे सेना प्रमुख, मुस्कान में छिपा आत्मविश्वास
साउथ ब्लॉक में हुई बैठक के दौरान तीनों सेना प्रमुख कॉम्बैट ड्रेस में मुस्कुराते नजर आए। यह मुस्कान इस बात का संकेत थी कि भारतीय सेना ने न केवल पाकिस्तान के हमलों को विफल किया, बल्कि प्रभावशाली जवाब भी दिया। यह संदेश भी दिया गया कि भविष्य में भी हर दुश्मन की चाल का डटकर सामना किया जाएगा।
ऑपरेशन सिंदूर ने दुश्मन को घुटनों पर लाया
भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ समेत अन्य जवाबी कार्रवाइयों ने दुश्मन को हर मोर्चे पर पराजित किया है। साउथ ब्लॉक में सेना प्रमुखों की कॉम्बैट ड्रेस में ली गई तस्वीर इस बात का प्रमाण है कि भारतीय सेना हर परिस्थिति के लिए तैयार है।
दिल्ली में आज बैठकों का दौर जारी
नई दिल्ली में आज राजनीतिक स्तर पर भी हलचल रही। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित कई वरिष्ठ नेताओं की भी अहम बैठकें हुईं।
भारत-ईरान बैठक में सीमा पार आतंकवाद पर चर्चा
इसके अलावा, विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि भारत और ईरान के बीच संयुक्त आयोग की बैठक कल नई दिल्ली में हुई। भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री डॉ. अब्बास अराघची ने इस बैठक की सह-अध्यक्षता की। बैठक में भारतीय पक्ष ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले और उसके सीमा पार संबंधों को लेकर ईरानी प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी।


