
22 वर्षीय युवती की गर्भपात के दौरान मौत
प्रेमी पर दवा देने का आरोप, परिजनों में आक्रोश
शहर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक 22 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती की पहचान महामायापारा निवासी प्रिया पावले के रूप में हुई है। परिजनों ने प्रिया के प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उसने ही गर्भपात की दवा दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और अंततः उसकी मृत्यु हो गई।


प्रिया अपनी मां और परिवार के साथ रहती थी और पास ही रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध में थी। जानकारी के अनुसार, युवती गर्भवती थी, लेकिन यह बात परिजनों को नहीं मालूम थी। रविवार को प्रिया को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ, तो उसकी छोटी बहन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गई। रास्ते में युवक और उसका चाचा भी मिले और अस्पताल पहुंचे, लेकिन जब खून की जरूरत पड़ी, तो दोनों वहां से गायब हो गए और दोबारा नहीं लौटे।
परिजनों का आरोप

प्रिया की मां जब अस्पताल पहुंचीं, तो बेटी बेसुध हालत में थी। अस्पताल के स्टाफ ने बताया कि उसने गर्भपात की दवा ली थी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। शाम 5:07 बजे इलाज के दौरान प्रिया ने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि यह गोली युवक ने ही दी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और युवती की मां व बहन के बयान दर्ज कर लिए हैं। पोस्टमार्टम महिला चिकित्सक की निगरानी में करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।।




