
यातायात पुलिस, रायपुर – रायपुर शहर में ट्रैफिक सुधार की नई पहल: 25 ट्रैफिक वार्डन तैनात
रायपुर – रायपुर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस रायपुर द्वारा एक नई पहल की गई है, जिसके अंतर्गत 25 ट्रैफिक वार्डनों की नियुक्ति कर उन्हें शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात किया गया है। इस योजना की शुरुआत श्री अमरेश मिश्रा, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज की पहल पर की गई है, जिसे नगर निगम एवं जिला प्रशासन का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ है।


ट्रैफिक वार्डनों की नियुक्ति की घोषणा एक भव्य कार्यक्रम में की गई, जिसमें कलेक्टर श्री गौरव सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लाल उमेद सिंह, आयुक्त नगर निगम श्री विश्वदीपक, जिला पंचायत के सीईओ श्री विश्वरंजन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री प्रशांत शुक्ला, तथा उप पुलिस अधीक्षक श्री गुरजीत सिंह एवं श्री सतीष ठाकुर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नगर निगम की टीम प्रहरी के सदस्य, यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, और सभी 25 नव नियुक्त ट्रैफिक वार्डन सहित लगभग 200 लोगों की उपस्थिति रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लाल उमेद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि लगातार बढ़ रहे वाहनों और सड़कों पर हो रही अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक वार्डन योजना एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक बल की कमी के चलते सभी जंक्शनों पर पुलिस बल तैनात करना संभव नहीं हो पा रहा था, जिसे अब इन ट्रैफिक वार्डनों की नियुक्ति से पूरा किया जाएगा।
कलेक्टर श्री गौरव सिंह और आयुक्त श्री विश्वदीप ने वार्डनों को संबोधित करते हुए कहा कि यह नियुक्ति अस्थायी रूप से की जा रही है और एक माह बाद प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी। वार्डनों को विनम्र व्यवहार रखने, विवाद से बचने और ईमानदारीपूर्वक कार्य करने की हिदायत दी गई।
पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा ने बताया कि भारत में सबसे पहले गुजरात में ट्रैफिक वार्डन व्यवस्था शुरू की गई थी और अब छत्तीसगढ़ में रायपुर पहला जिला है जहां यह पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि यह मॉडल सफल होता है, तो इसे अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन सभी नव नियुक्त वार्डनों को अग्रिम बधाई और नगर निगम की टीम प्रहरी को उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं देकर किया गया। साथ ही यह अपील की गई कि सभी ट्रैफिक वार्डन रोल मॉडल बनकर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।




