भाजपा नेता मनोहरलाल धाकड़ का महिला संग 8-लेन एक्सप्रेसवे पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल, पार्टी ने जताई नाराजगी
खबर — भाजपा नेता मनोहरलाल धाकड़ का एक आपत्तिजनक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे का है, जिसमें धाकड़ एक महिला के साथ बेहद शर्मनाक स्थिति में कार में नजर आ रहे हैं। वीडियो में सफेद रंग की कार का रजिस्ट्रेशन क्रमांक एमपी-14-सीसी-4782 स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जो परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार मनोहरलाल धाकड़ के नाम पर पंजीकृत है।
वीडियो सामने आने के बाद मीडिया ने जब धाकड़ से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। मामले को लेकर जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष देखने को मिल रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा, “मामला मेरे संज्ञान में आया है। पार्टी ऐसे कृत्य करने वालों की जरूरत नहीं समझती। हम वीडियो की सत्यता की जांच करवा रहे हैं। मनोहरलाल धाकड़ पार्टी के प्राथमिक सदस्य नहीं हैं, वे संभवतः ऑनलाइन सदस्य हो सकते हैं।”
जानकारी के अनुसार, मनोहरलाल धाकड़ की पत्नी वर्तमान में मंदसौर जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक 8 से भाजपा समर्थित सदस्य के रूप में निर्वाचित हैं। इस प्रकरण के बाद भाजपा की स्थानीय इकाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।
प्रशासन और पार्टी संगठन अब इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।


