रायपुर ट्रंक मर्डर केस बड़ा खुलासा : दिल्ली से दो संदिग्ध हिरासत में, एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी का बेटा शामिल
फर्जी नंबर प्लेट की ऑल्टो कार से शव ठिकाने लगाने की साजिश, पुलिस ने ट्रंक विक्रेता और CCTV फुटेज के आधार पर की बड़ी कार्रवाई
रायपुर – राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में सूटकेस के अंदर युवक की लाश मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दिल्ली से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, सूत्रों के अनुसार जिनमें से एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी का बेटा बताया जा रहा है। इस मामले में रायपुर पुलिस अधीक्षक जल्द ही आधिकारिक खुलासा करेंगे।
गोलबाजार से खरीदा गया था ट्रंक, विक्रेता की सूचना बनी अहम सुराग
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस ट्रंक में युवक की लाश मिली, वह गोलबाजार स्थित पेटीलाइन से खरीदा गया था। ट्रंक विक्रेता शब्बीर ने पुलिस को जानकारी दी कि एक युवक और युवती ने सुबह-सुबह ट्रंक खरीदा था। वे एक कार से आए थे, जिसका नंबर फर्जी था। विक्रेता ने पुलिस को संदिग्धों का हुलिया और समय भी बताया, जिससे जांच को अहम दिशा मिली।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, संदिग्धों की तस्वीरें सामने आईं
घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें संदिग्धों को कार में ट्रंक लेकर जाते हुए देखा गया। कार में फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी, जिससे लाश को पहचान से दूर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। फुटेज में दो लोग साफ दिखाई दे रहे हैं, जिनकी पहचान के आधार पर दिल्ली में कार्रवाई कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
सोमवार शाम मिली थी ट्रंक में युवक की लाश
यह घटना सोमवार शाम करीब 5 से 6 बजे की है, जब रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के पास सुनसान सड़क किनारे एक ट्रंक बरामद किया गया। जब पुलिस ने ट्रंक खोला तो उसमें सीमेंट से सनी युवक की लाश मिली। मौके पर फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की गई।
रायपुर में बढ़ते अपराध पर चिंता, पुलिस के लिए बड़ी चुनौती
इस घटना ने राजधानी रायपुर में अपराध के बढ़ते ग्राफ की ओर फिर से ध्यान खींचा है। लगातार हो रही सनसनीखेज वारदातों ने पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस की तेजी से कार्रवाई और सुराग के आधार पर गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।




