
बड़ा हादसा : पुल ढहने से बड़ा हादसा, दो की मौत, बचाव अभियान जारी
45 साल पुराना गंभीरा पुल महिसागर नदी पर ढहा, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप, स्थानीयों में रोष
गुजरात के वडोदरा जिले के पदरा के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में दशकों पुराना गंभीरा पुल अचानक ढह गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह पुल वडोदरा और आणंद को जोड़ता है और महिसागर नदी के ऊपर बना हुआ था। हादसे के समय पुल से वाहन गुजर रहे थे, तभी पुल का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में कम से कम चार लोग नदी में गिर गए, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है जबकि अन्य की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान तेजी से जारी है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की हालत काफी समय से खराब थी और इसमें दरारें साफ देखी जा सकती थीं। कई बार प्रशासन को इसकी जानकारी और चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसे अनदेखा कर दिया गया। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मरम्मत की जाती तो यह हादसा टल सकता था।
प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लग रहे हैं। मौके पर पुलिस, NDRF और दमकल विभाग की टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं। घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग जमा हैं और स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर कब तक जर्जर हो चुके पुलों की अनदेखी की जाएगी?




