
निधन: फिल्म और टीवी जगत को लगा बड़ा झटका
80 वर्ष की उम्र में कोकिलाबेन अस्पताल में ली अंतिम सांस
मशहूर एक्टर और डायरेक्टर धीरज कुमार का निधन
फिल्म और टीवी जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता और निर्देशक धीरज कुमार का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।


सोमवार को कराया गया था अस्पताल में भर्ती
सूत्रों के अनुसार, धीरज कुमार को निमोनिया का गंभीर संक्रमण हो गया था, जिसके कारण उन्हें सोमवार को मुंबई के अंधेरी स्थित कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत बिगड़ती चली गई, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ और मंगलवार को उनका निधन हो गया।
1970 में की थी करियर की शुरुआत
धीरज कुमार ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1970 में बतौर अभिनेता की थी। उन्होंने कई हिंदी फिल्मों में अभिनय कर दर्शकों का दिल जीता। इसके बाद उन्होंने टेलीविजन इंडस्ट्री में कदम रखा और एक सफल निर्माता-निर्देशक के रूप में पहचान बनाई।

‘ओम नमः शिवाय’ से मिली खास पहचान
धीरज कुमार को टेलीविजन पर ‘ओम नमः शिवाय’ जैसे लोकप्रिय धार्मिक धारावाहिक से बड़ी पहचान मिली। यह शो दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ और दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इसके अलावा उन्होंने ‘साईं बाबा’, ‘कन्हैया’, ‘श्री गणेश’ जैसे अन्य धारावाहिकों का भी निर्माण किया, जिनमें भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और नैतिक मूल्यों की झलक देखने को मिली।
फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में अपूरणीय क्षति
धीरज कुमार का निधन भारतीय फिल्म और टेलीविजन जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।




