
RAIPUR CRIME : लोन दिलाने के नाम पर मोबाइल फाइनेंस कराकर ठग लिए लाखों, आरोपी गिरफ्तार, 16 आईफोन बरामद
रायपुर। कचना खम्हारडीह निवासी एक महिला के साथ मोबाइल फाइनेंस के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता महेश्वरी फुटान ने थाना गोलबाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके भाई की पहचान के एक फायनेंसर ने उसे एचडीएफसी फायनेंस के माध्यम से लोन दिलाने के नाम पर लाल गंगा मॉल और क्रोमा भाटागांव में दो जगहों से मोबाइल फाइनेंस कराया। दोनों जगहों पर फार्म भरने के बाद उसके नाम से महंगे मोबाइल फोन फायनेंस किए गए, लेकिन मोबाइल उसे न देकर वापस रख लिए गए।


पीड़िता को झांसा दिया गया कि लोन की राशि जल्द उसके खाते में आ जाएगी। आरोपी सिमरन जीत सिंह अजमानी नामक फायनेंसर ने बार-बार बात को टालते हुए लोन कैंसिल कराने का दावा किया, लेकिन किश्तें कटनी शुरू हो गईं। महिला को मार्च 2025 से अब तक करीब ₹5,000 प्रति माह की किस्त भरनी पड़ी, जबकि मोबाइल फोन उसे कभी नहीं मिला।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. उमेद सिंह के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना गोलबाजार की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। आरोपी सिमरन जीत सिंह अजमानी उर्फ लवली (उम्र 31 वर्ष), निवासी महावीर नगर, वसंत विहार कॉलोनी, न्यू राजेंद्र नगर रायपुर को तलाश कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने प्रार्थिया सहित अन्य लोगों को भी इसी तरह झांसे में लेकर उनके नाम पर मोबाइल फोन फायनेंस कराए और सभी मोबाइल अपने पास रख लिए। उसके कब्जे से 16 नग आईफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹15 लाख है। आरोपी के विरुद्ध थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 114/25, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अन्य थानों में भी आरोपी के खिलाफ इसी प्रकार की ठगी की शिकायतें मिली हैं, जिनमें आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह (थाना प्रभारी गोलबाजार), प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय (साइबर यूनिट), सउनि. अतुलेश राय, प्र.आर. प्रमोद वर्थी, पुष्पराज परिहार, विक्रम वर्मा, दिलीप जांगड़े, केशव सिन्हा, राजेंद्र तिवारी, बोधेन्द्र मिश्रा, मनोज सिंह, विकास क्षत्रिय, उपनिरीक्षक एम.एस. जूरी, प्र.आर. विवेक निराला एवं आर. संदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




