एमजी कार शोरूम में बड़ा हादसा: लिफ्ट टूटकर कार समेत गिरा, कर्मचारी ICU में भर्ती, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। सरोना रिंग रोड स्थित एमजी (MG) कार शोरूम में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शोरूम की सर्विस लिफ्ट अचानक टूटकर एक कार समेत नीचे गिर गई। इस भयावह हादसे में शोरूम का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे ICU में भर्ती कराया गया है। मामले में शोरूम प्रबंधन पर लापरवाही बरतने और घटना को छिपाने के आरोप लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब एक कार को सर्विस लिफ्ट के जरिए नीचे उतारा जा रहा था। अचानक लिफ्ट टूट गई और कार समेत नीचे आ गिरी। दुर्भाग्यवश, लिफ्ट के ठीक नीचे खड़ा शोरूम का सेल्स स्टाफ राज एस. राव इसके नीचे दब गया। हादसे में राज को सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत कोटा रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
गौरतलब है कि यह घटना शाम करीब 4:30 बजे की है, लेकिन शोरूम प्रबंधन ने देर शाम तक न तो पुलिस को सूचित किया और न ही मीडिया को। पुलिस को घटना की जानकारी अस्पताल से मिली, जिसके बाद सरस्वती नगर और डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
फिलहाल डीडी नगर थाना पुलिस हादसे की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के चलते हुआ या लिफ्ट के नियमित रखरखाव में लापरवाही बरती गई थी। शोरूम के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रबंधन समेत अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
घायल कर्मचारी राज एस. राव का बयान उसकी हालत में सुधार होने के बाद लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में शोरूम प्रबंधन की लापरवाही साबित होती है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


