
115 नगरीय निकायों में निर्मित अटल परिसरों का कल होगा लोकार्पण : उप मुख्यमंत्री अरुण साव


रायपुर। देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेशभर में निर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया जा रहा है। अटल जी की 101वीं जयंती वर्ष के अवसर पर कल 25 दिसंबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के मुख्य आतिथ्य में प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में नवनिर्मित 115 अटल परिसरों का लोकार्पण होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री श्री अरुण साव करेंगे।
यह राज्य स्तरीय लोकार्पण कार्यक्रम प्रातः 12.30 बजे रायपुर के फुंडहर चौक स्थित अटल एक्सप्रेस में स्थापित अटल परिसर से आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी नगरीय निकाय वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने जानकारी देते हुए बताया कि लोकार्पण समारोह में रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप, कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायकगण श्री सुनील सोनी, श्री राजेश मूणत, श्री पुरंदर मिश्रा, श्री मोतीलाल साहू, श्री अनुज शर्मा, श्री इंद्र कुमार साहू तथा रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में सरकार गठन के बाद अपने प्रथम विधानसभा सत्र में ही प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर निर्माण की घोषणा की गई थी। इसके अंतर्गत 14 नगर निगमों को 50-50 लाख रुपये, 56 नगर पालिकाओं को 30-30 लाख रुपये तथा 122 नगर पंचायतों को 20-20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। इस प्रकार कुल 192 नगरीय निकायों में लगभग 46 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से अटल परिसरों का निर्माण किया जा रहा है।
गौरतलब है कि 25 दिसंबर 2024 को अटल जी की 100वीं जयंती के अवसर पर 163 नगरीय निकायों में अटल परिसर निर्माण का भूमिपूजन किया गया था। मात्र एक वर्ष की अल्प अवधि में 115 नगरीय निकायों—जिसमें 10 नगर निगम, 29 नगर पालिका परिषद और 76 नगर पंचायत शामिल हैं—में 27 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया जा रहा है। वहीं, बीते एक वर्ष में 60 नगरीय निकायों में अटल परिसरों का लोकार्पण मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, सांसद एवं विधायकों द्वारा किया जा चुका है।
अटल परिसरों का निर्माण नगरीय निकायों के प्रमुख स्थलों एवं उद्यानों में किया गया है। इनमें भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा की स्थापना के साथ-साथ परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण और विकास किया गया है। यह परिसर नागरिकों के लिए एक आकर्षक सामाजिक-सांस्कृतिक स्थल के रूप में विकसित होंगे। अटल परिसर, अटल जी की दूरदृष्टि और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प का प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में यह पहल अटल जी के सपनों के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में प्रेरणा और ऊर्जा प्रदान करेगी।




