शराब दुकान कर्मचारियों का अपहरण, स्कॉर्पियो सवार बदमाश फरार, CCTV फुटेज आया सामने
राजधानी रायपुर से लगे तिल्दा इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब दुकान के चार कर्मचारियों का अपहरण कर लिया गया। इस दौरान एक कर्मचारी जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो वाहन में सवार अज्ञात बदमाशों ने कर्मचारियों को जबरन गाड़ी में बैठाया और मौके से फरार हो गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बदमाश कर्मचारियों को जबरन वाहन में बैठाकर ले जा रहे हैं। यह पूरी वारदात दिनदहाड़े होने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपहरण की वजह शराब दुकान में कमीशन और चंदे के बंटवारे को लेकर विवाद बताई जा रही है। हालांकि, अब तक न तो आबकारी विभाग और न ही अपहृत कर्मचारियों के परिजनों की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
घटना के बाद से इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।


