भारत-न्यूज़ीलैंड T20 मैच रायपुर में 23 जनवरी को, टिकट से लेकर समोसे तक सबका रेट तय , आज शाम से टिकट बिक्री शुरू

0
84

भारत-न्यूज़ीलैंड T20 मैच रायपुर में 23 जनवरी को, टिकट से लेकर समोसे तक सबका रेट तय , आज शाम से टिकट बिक्री शुरू

रायपुर। भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच होने वाला T20 इंटरनेशनल मुकाबला 23 जनवरी को रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित मैच को लेकर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (CSCS) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार दर्शकों को क्रिकेट के रोमांच के साथ-साथ एक अनोखी व्यवस्था भी देखने को मिलेगी, जहां स्टेडियम में खाने-पीने की चीजों के दाम पहले से तय कर दिए गए हैं।

वेंडर नहीं, चलता-फिरता रेट कार्ड

मैच के दौरान स्टेडियम और उसके आसपास सभी फूड वेंडर एक जैसी टी-शर्ट पहने नजर आएंगे, जिस पर बेची जाने वाली खाद्य सामग्री और उनके दाम साफ तौर पर लिखे होंगे। इसका उद्देश्य दर्शकों से तय रेट से ज्यादा वसूली को रोकना है। दरअसल, पिछले मैच में खाने-पीने की चीजों को लेकर मनमानी वसूली की कई शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद CSCS ने यह सख्त और अनोखा फैसला लिया है।

आज शाम से टिकट बिक्री शुरू

CSCS के डायरेक्टर विजय शाह और बलदेव सिंह भाटिया ने बताया कि भारत बनाम न्यूज़ीलैंड T20 मैच के लिए टिकटों की बिक्री आज 15 जनवरी की शाम से शुरू होगी। पिछली बार की तरह इस बार भी टिकट ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ticketgenie पर उपलब्ध रहेंगी।
इसके अलावा छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ₹800 की कीमत वाले स्टूडेंट टिकट सिर्फ इनडोर स्टेडियम में ही मिलेंगे और एक छात्र को केवल एक ही टिकट दिया जाएगा।

स्टैंड और प्रीमियम टिकट की कीमतें

स्टैंड टिकट

₹2000

₹2500

₹3000

₹3500

प्रीमियम कैटेगरी

सिल्वर – ₹7,500

गोल्ड – ₹10,000

प्लैटिनम – ₹12,500

कॉर्पोरेट बॉक्स – ₹25,000

खाने-पीने की तय रेट-लिस्ट

समोसा (100 ग्राम) – ₹50

सैंडविच (एक पीस) – ₹60

बर्गर – ₹80

पफ – ₹50

पिज़्ज़ा – ₹250

पॉपकॉर्न (कोन) – ₹60

पॉपकॉर्न (टब) – ₹100

स्टीम मोमो (शाकाहारी) – ₹150

स्टीम मोमो (चिकन) – ₹200

फ्राइड मोमो (शाकाहारी) – ₹200

फ्राइड मोमो (चिकन) – ₹250

आइसक्रीम व वेफर्स – MRP अनुसार

अब दर्शकों को “भैया कितना?” पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि दाम सीधे वेंडर की टी-शर्ट पर लिखे होंगे।

बिना टिकट नो एंट्री

संघ ने साफ कर दिया है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रहेगी। स्टेडियम में सिर्फ वैध टिकट या पासधारी लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। बिना टिकट किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। पिछले मैच में दीवार फांदकर घुसने की घटनाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

क्रिकेट का जश्न या रेट-लिस्ट का मुकाबला?

रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में इस मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह है। भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में जहां मैदान पर चौके-छक्कों की बारिश होगी, वहीं स्टैंड में दर्शकों की नजरें वेंडरों की टी-शर्ट और रेट-लिस्ट पर भी टिकी रहेंगी। कुल मिलाकर, रायपुर का यह मैच अब सिर्फ क्रिकेट का नहीं, बल्कि दर्शकों की जेब और तय रेट सिस्टम की भी परीक्षा बन गया है।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here