
छालीवुड निर्देशक मोहित साहू पर युवती ने लगाए गंभीर आरोप, मारपीट का वीडियो आया सामने


रायपुर। छालीवुड फिल्म निर्देशक मोहित साहू पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि मोहित साहू पहले से शादीशुदा होने के बावजूद उसे धोखे में रखकर जबरन उज्जैन ले गया और उससे शादी कर ली। बाद में जब युवती को उसके पहले से विवाहित होने की जानकारी मिली तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
युवती के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि मोहित साहू ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक फ्लैट के अंदर युवती लहूलुहान और डरी-सहमी हालत में दिखाई दे रही है। वीडियो में मारपीट के दौरान की स्थिति स्पष्ट नजर आ रही है।

घटना के दौरान शोर सुनकर पड़ोसी और महिला सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। इसके बाद युवती ने पुरानी बस्ती थाना पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो सहित सभी तथ्यों और पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




