मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह 23 जनवरी को, राज्यपाल व मुख्यमंत्री होंगे शामिल
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी परीक्षा वर्ष 2024 एवं 2025 की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान हेतु “पं. दीनदयाल उपाध्याय मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना” के अंतर्गत भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह 23 जनवरी 2026, शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे, लोक भवन, सिविल लाइन, रायपुर में आयोजित होगा।
समारोह में मुख्य अतिथि माननीय श्री रमेन डेका, राज्यपाल छत्तीसगढ़ होंगे, जबकि अध्यक्षता माननीय श्री विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन करेंगे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि माननीय श्री गजेन्द्र यादव, मंत्री—स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग तथा विधि एवं विधायी कार्य, छत्तीसगढ़ शासन की उपस्थिति भी रहेगी।
परीक्षा वर्ष 2024 में हाईस्कूल के 80 एवं हायर सेकण्डरी के 30 विद्यार्थी प्रावीण्य सूची के टॉप-10 में शामिल हुए। हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में 73 विद्यार्थी (जिनमें 07 विशेष पिछड़ी जनजाति के विद्यार्थी शामिल) तथा हायर सेकण्डरी सर्टिफिकेट परीक्षा में 23 विद्यार्थी (अपने-अपने संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त 06 विद्यार्थी, जिनमें से 04 मुख्य सूची में भी शामिल, एवं 05 विशेष पिछड़ी जनजाति के विद्यार्थी) चयनित हुए।
वहीं परीक्षा वर्ष 2025 में हाईस्कूल के 98 एवं हायर सेकण्डरी के 31 विद्यार्थी प्रावीण्य सूची के टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने में सफल रहे। हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में 93 विद्यार्थी (जिनमें 05 विशेष पिछड़ी जनजाति के) तथा हायर सेकण्डरी सर्टिफिकेट परीक्षा में 22 विद्यार्थी (अपने संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त 08 विद्यार्थी, जिनमें 03 मुख्य सूची में भी शामिल, एवं 04 विशेष पिछड़ी जनजाति के विद्यार्थी) सम्मिलित हैं।
प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को रजत पदक प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रावीण्य सूची में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र तथा ₹1,50,000/- (एक लाख पचास हजार रुपये) की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।


