बड़ी खबर : हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने रायपुर निवासी सोहेल शेख उज्जैन में युवती के साथ पकड़ा
उज्जैन के होटल में युवक-युवती ठहरने पर बवाल, पुलिस जांच में जुटी
उज्जैन के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कलापत्थर इलाके के एक होटल में ठहरे युवक-युवती को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और युवक के आपराधिक रिकॉर्ड होने के आरोप लगाए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
होटल रजिस्टर की जांच, युवक से पूछताछ
मामले की जानकारी मिलते ही हिंदू जागरण मंच के रितेश माहेश्वरी अपने साथियों के साथ होटल पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने होटल के एंट्री रजिस्टर की जांच की और संबंधित कमरे के बाहर पहुंचकर युवक से पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने खुद को रायपुर निवासी बताया और कहा कि वह अपनी दोस्त के साथ उज्जैन घूमने आया है। हालांकि, कार्यकर्ताओं ने मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को सूचना दी।
होटल प्रबंधन पर नियमों की अनदेखी का आरोप
हिंदू जागरण मंच के अर्जुन भदोरिया ने होटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि युवक-युवती को शहर के कई होटलों ने कमरा देने से इनकार कर दिया था और उनकी ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो पा रही थी। इसके बावजूद संबंधित होटल ने कथित रूप से करीब 5 हजार रुपए लेकर बिना पर्याप्त पहचान पत्र और दस्तावेजों के कमरा उपलब्ध करा दिया।
युवक के आपराधिक रिकॉर्ड का दावा
संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि युवक की पहचान सोहेल शेख के रूप में हुई है, जो रायपुर का निवासी है और उस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि युवती के परिजनों को उसकी लोकेशन और उसके साथ मौजूद व्यक्ति की जानकारी नहीं थी।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हिंदू जागरण मंच द्वारा लगाए गए आरोपों और युवक के आपराधिक रिकॉर्ड की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नानाखेड़ा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


