रायपुर सेंट्रल जेल में महिला कैदी का आत्महत्या का प्रयास, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

0
69

रायपुर सेंट्रल जेल में महिला कैदी का आत्महत्या का प्रयास, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

राजधानी के सेंट्रल जेल से एक महिला कैदी द्वारा आत्महत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद कैदी के परिजनों ने जेल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

बताया जा रहा है कि महिला प्रकोष्ठ में बंद कैदी आशिमा राव ने अपनी कलाई काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के तुरंत बाद उसे इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उसके हाथ पर आठ टांके लगाए गए।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 से 4 दिन पुरानी बताई जा रही है, जो अब परिजनों के खुलासे के बाद सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि आशिमा राव ने एक चिट्ठी लिखकर जेल के भीतर चेकिंग के नाम पर प्रताड़ना और अपमान की बात कही थी। उनका कहना है कि उसके साथ लगातार अभद्र व्यवहार किया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

वहीं, जेल प्रशासन ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। अधिकारियों का कहना है कि महिला कैदी सुरक्षित और स्वस्थ है तथा उसे जेल से बाहर रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। प्रशासन ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले कैदी के पास से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी, जिसके बाद जेल नियमों के तहत कार्रवाई की गई थी।

बताया जा रहा है कि आशिमा राव पिछले करीब छह महीने से एक मारपीट के मामले में जेल में बंद है। इस घटना के बाद जेल प्रबंधन के रवैये और कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल मामले की जांच की मांग उठ रही है और दोनों पक्षों के दावों के बीच सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here