कैट छत्तीसगढ़ को मिला नया नेतृत्व, संगठन विस्तार और व्यापारी हितों पर रहेगा फोकस

0
32

कैट छत्तीसगढ़ को मिला नया नेतृत्व, संगठन विस्तार और व्यापारी हितों पर रहेगा फोकस

रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने छत्तीसगढ़ में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की है। राष्ट्रीय नेतृत्व की अनुशंसा एवं प्रदेश कोर कमेटी की सर्वसम्मति से वरिष्ठ व्यापारी नेता श्री परमानंद जैन को प्रदेश अध्यक्ष, युवा व्यापारी नेता श्री अवनीत सिंह को प्रदेश महामंत्री तथा श्री विजय पटेल को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं श्री राजेंद्र खटवानी को प्रदेश कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस संबंध में कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य श्री अमर पारवानी सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि यह नियुक्तियां कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री श्री प्रवीण खंडेलवाल, राष्ट्रीय चेयरमेन श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी की अनुशंसा पर की गई हैं।

पदाधिकारियों ने कहा कि कैट छत्तीसगढ़ अब प्रदेश के प्रत्येक जिले, तहसील एवं स्थानीय व्यापारिक संगठनों तक मजबूत संगठनात्मक संरचना तैयार करेगा। नई टीम व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापार के अनुकूल नीतियों के निर्माण, ई-कॉमर्स एवं विदेशी कंपनियों की अनुचित व्यापारिक गतिविधियों के खिलाफ संघर्ष तथा छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को सशक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारिक जगत अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में एक मजबूत, संगठित एवं सक्रिय व्यापारी संगठन की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। नई टीम अनुभव और युवा नेतृत्व के संयोजन के साथ प्रदेशभर के लगभग 12 लाख व्यापारियों के हितों के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करेगी।

राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कैट लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में संगठन प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी की आवाज बनकर कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम व्यापारियों के मुद्दों को स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय मंच तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन, प्रदेश महामंत्री श्री अवनीत सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री विजय पटेल ने कहा कि संगठन को और अधिक सक्रिय, व्यापारी केंद्रित एवं आधुनिक कार्यप्रणाली के अनुरूप बनाया जाएगा। प्रदेशभर में सदस्यता अभियान, व्यापारिक जागरूकता कार्यक्रम एवं स्थानीय इकाइयों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कैट पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं संगठनात्मक कौशल के बल पर छत्तीसगढ़ के व्यापारिक समुदाय को नई ऊर्जा प्रदान करेगी और व्यापारियों के हितों की लड़ाई को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगी।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here