शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन का सिलाई प्रशिक्षण शिविर संपन्न, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की मिली नई दिशा
रायपुर। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष श्वेता ठाकुर के नेतृत्व में 4 अप्रैल 2026 से 4 जून 2026 तक दो माह का सिलाई प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। रायपुर के गो गांव में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को सिलाई के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई, जिससे वे भविष्य में स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें और अपने परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे सकें।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष श्वेता ठाकुर ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज के विकास की आधारशिला है। संस्था लगातार महिलाओं को कौशल विकास से जोड़ने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी उरकुरा क्षेत्र में सिलाई प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया जा चुका है, जहां कई महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
उन्होंने कहा कि शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। संस्था भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन कर महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रशिक्षित महिलाओं ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें नया कौशल सीखने का अवसर मिला है, जो उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होगा।



