रायपुर निगम की बड़ी कार्रवाई घड़ी चौक स्थित होटल अमृतसरी सीलबंद, 1 लाख का जुर्माना
रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम ने शहर में स्वच्छता, राजस्व व अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर घड़ी चौक स्थित बड़े बकायादार होटल अमृतसरी को सीलबंद कर दिया। होटल पर कई वर्षों से निगम का बकाया कर लंबित था, जिसे बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद जमा नहीं किया गया।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, जोन-4 की जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित निगम के राजस्व, स्वास्थ्य, बाजार एवं नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
निरीक्षण के दौरान होटल की स्वच्छता व्यवस्था अत्यंत खराब पाई गई। टीम को होटल परिसर में भारी गंदगी मिली। इसके अलावा सड़क पर ही किचन संचालित किया जा रहा था तथा बाथरूम के समीप अस्वास्थ्यकर वातावरण में मटकों में बिरयानी रखी हुई मिली। लगातार मिल रही गंभीर जनशिकायतों और पूर्व में जारी नोटिसों के बावजूद स्वच्छता नियमों की अनदेखी किए जाने पर निगम ने होटल को तत्काल प्रभाव से सीलबंद कर दिया तथा 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।
बाजार क्षेत्रों में भी चला अभियान
नगर निगम जोन-4 के स्वास्थ्य विभाग ने गोलबाजार, मालवीय रोड सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों में अभियान चलाकर 17 दुकानों में गंदगी पाए जाने पर कुल 18 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
वहीं नगर निवेश विभाग ने सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय संचालित करने वाले लगभग 25 दुकानदारों से 50 हजार रुपये सड़क बाधा शुल्क के रूप में वसूल किया। निगम के बाजार एवं राजस्व विभाग ने सड़क पर सामान रखकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों और निगम की दुकानों के किरायेदारों को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी तथा अतिक्रमणकारी सामानों की जब्ती की कार्रवाई भी की।
टीम प्रहरी की रही अहम भूमिका
इस अभियान में टीम प्रहरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जनहित में सुगम यातायात व्यवस्था और स्वच्छ शहर के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बकायादारों, अतिक्रमणकारियों और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



