काशीराम नगर बस्ती से शराब दुकान हटाने की मांग तेज, युवा कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायपुर। काशीराम नगर बस्ती में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर रायपुर जिला युवा कांग्रेस के कार्यकारी सदस्य गौतम सूबेदी के नेतृत्व में वार्डवासियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने बस्ती के बीच शराब दुकान संचालित होने पर कड़ी आपत्ति जताई।

ज्ञापन में वार्डवासियों ने मांग की कि बस्ती के बीच स्थित शराब दुकान को जल्द से जल्द किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। उनका कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में शराब दुकान होने से महिलाओं, बच्चों और स्थानीय नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा सामाजिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वार्डवासी सड़क पर उतरकर क्रमबद्ध आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर वार्ड की कई महिला प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने आंदोलन को समर्थन दिया। कार्यक्रम में वार्ड के पूर्व एल्डरमैन जितेंद्र (जीतू) बारले सहित स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।






