सरस्वती शिशु मंदिर देवेन्द्र नगर में छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, विद्यार्थियों को नेतृत्व व राष्ट्रसेवा का दिया गया संदेश
रायपुर। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवेन्द्र नगर, रायपुर में शुक्रवार को छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
विद्यालय के व्यवस्थापक संजय जोशी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. अशोक त्रिपाठी ने छात्र परिषद की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेतृत्व क्षमता का विकास विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।
समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रायपुर के डायरेक्टर डॉ. संजीव पराशर ने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व और सेवा भावना का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद विद्यालय की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में नेतृत्व कौशल विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कुशल प्रबंधन के महत्वपूर्ण सूत्र भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्या भारती, छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री डॉ. देवनारायण ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रभक्ति, संस्कार एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि प्रियंका अग्रवाल, डायरेक्टर, विगर एंड वर्वे गर्ल्स हॉस्टल एंड फिनिशिंग स्कूल ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास एवं नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। सभी पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
समारोह में सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष रामभरोस सोनी, प्रांतीय अधिकारी विवेक सक्सेना, प्रांतीय शिशु वाटिका प्रमुख रामकुमार साहू सहित विद्यार्थी परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय की माधव बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक त्रिपाठी, सचिव संजय जोशी, विद्यालय समिति के पदाधिकारी सुभाष गोयल, राजेश अग्रवाल, अंजली दीदी, प्राचार्य कैलाश तारक, समस्त आचार्यगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम का समापन प्राचार्य कैलाश तारक द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। समारोह का वातावरण राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व की भावना से ओत-प्रोत रहा।






