14.80 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर पकड़े गए, 9.64 लाख की संपत्ति जब्त
उड़ीसा के फुलबानी से रायपुर में खपाने की थी तैयारी, एक आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालक पुलिस की गिरफ्त में
महासमुंद। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोमाखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.800 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ गांजा परिवहन में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। बरामद गांजे की कीमत 7 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोमाखान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा लेकर आ रहा है, जबकि दो अन्य लोग दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी पायलेटिंग कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम नर्रा जांच नाका में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोका।
पूछताछ में मुख्य आरोपी की पहचान नूरप बेमाल (35) निवासी करलागांव, थाना केगांव, जिला कालाहांडी, उड़ीसा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने मोटरसाइकिल की सीट में बोरी के अंदर गांजा छिपाकर ले जाने की बात स्वीकार की। पूछताछ में गांजा उड़ीसा के फुलबानी क्षेत्र के जंगल से रायपुर, छत्तीसगढ़ ले जाकर खपाने की योजना की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.800 किलो गांजा, दो मोटरसाइकिल, 49 हजार रुपये नगद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 9 लाख 64 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 110/2026, धारा 20(B)(II)(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस के मुताबिक सटीक मुखबिर सूचना और टीम के बीच बेहतर समन्वय के चलते गांजा तस्करी की इस खेप को पकड़ने में सफलता मिली।






