उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़, रायपुर एम्स के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

0
8
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़, रायपुर एम्स के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने बुधवार को मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के दौरे से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। एयरपोर्ट से एम्स तक आवागमन के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और एंट्री-एग्जिट प्लान को बेहतर तरीके से तैयार करने के निर्देश दिए गए।

रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और एम्स में रिसेप्शन सहित प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।

मेडिकल इमरजेंसी के लिए भी रहेगी विशेष व्यवस्था
मुख्य सचिव ने उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सभी जरूरी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में गृह-जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, कलेक्टर, रायपुर आईजी और एम्स के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here