बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रेलवे ठेकेदार के चौकीदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तोरवा थाना क्षेत्र की RPF कॉलोनी में गुरुवार को पानी टंकी के पास चौकीदार का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही GRP, RPF और तोरवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चौकीदार पर एक आरोपी ने स्टोर रूम के पास रखी लोहे की वस्तु से सिर पर जानलेवा हमला किया। हमले के बाद चौकीदार जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की यह पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
CCTV फुटेज में नजर आया संदिग्ध
पुलिस के हाथ लगे CCTV फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस अब CCTV फुटेज के अलावा घटनास्थल से मिले अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। हत्या की वजह और वारदात में शामिल व्यक्ति के संबंध में भी जांच की जा रही है।
FSL और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर FSL टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। CCTV फुटेज को जांच का अहम आधार माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के बाद हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।






