रायपुर। NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय पर गबन के आरोपों को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। बीजेपी प्रवक्ता अमित चिमनानी ने मामले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर भ्रष्टाचार और अवैध कमाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
अमित चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार भले ही चली गई है, लेकिन कांग्रेस नेताओं में भ्रष्टाचार करने और दो नंबर की कमाई करने की आदत नहीं गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश सरकार जिस तरह चली, उसी तरह का काम कांग्रेस के युवा नेताओं ने भी सीखा है।
‘कांग्रेस के सीनियर हों या जूनियर, सभी को भ्रष्टाचार से प्यार’
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के सीनियर नेता हों या जूनियर, सभी को भ्रष्टाचार से प्यार है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता जाने के बाद भी पार्टी के नेताओं की कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया है।






