कोरबा। छत्तीसगढ़ में दो दिनों तक मौसम साफ रहने के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
लगातार बारिश के चलते बस्तर में सभी स्कूल बंद
बस्तर जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। प्रशासन का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। खराब मौसम और लगातार बारिश के बीच किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है।
इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटने और हल्की वस्तुओं के उड़ने का खतरा भी बना रह सकता है।
इन इलाकों में बिजली गिरने की आशंका
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, बिलासपुर और मुंगेली समेत कई जिलों में भी मौसम विभाग ने हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आकाशीय बिजली से बचाव के लिए रहें सतर्क
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। गरज-चमक या आकाशीय बिजली के समय खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर निर्माण वाली जगहों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
तेज हवा के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की अपील की है।
किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह
बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी एडवाइजरी जारी की है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खेतों में काम करने से बचने तथा मौसम सामान्य होने तक कृषि कार्य रोकने की सलाह दी गई है।






