दुर्ग। जिले के कुम्हारी स्थित स्टेशन चौक इलाके में रविवार को सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने गुटखा निर्माण से जुड़े एक गोदाम और फैक्ट्री में छापेमारी की। करीब 10 से 12 सदस्यों की टीम तीन वाहनों में मौके पर पहुंची और कई घंटे तक गोदाम में मौजूद सामान व दस्तावेजों की जांच की।
जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल GST इंटेलिजेंस को कुम्हारी क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध रूप से गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है। बताया जा रहा है कि मौके पर सितार कंपनी के नाम से गुटखा तैयार किया जा रहा था।
टैक्स नियमों की भी जांच
GST अधिकारियों की ओर से गुटखा निर्माण और उसकी बिक्री से जुड़े कारोबार में टैक्स संबंधी नियमों के पालन की भी जांच की जा रही है। टीम ने गोदाम में रखे अन्य सामान और दस्तावेजों को भी खंगाला है। हालांकि, कार्रवाई को लेकर अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा गोदाम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस गोदाम से गुटखा और मशीनें जब्त की गई हैं, वह सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों और अन्य सामग्री का मिलान किया जा रहा है।
जब्त सामान लेकर रायपुर रवाना हुई टीम
कार्रवाई पूरी करने के बाद सेंट्रल GST की टीम जब्त की गई दोनों मशीनों और गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर रवाना हो गई। प्रारंभिक तौर पर जब्त सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, इसकी वास्तविक कीमत और संभावित टैक्स देनदारी की जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होने की संभावना है।






