बस्तर के आर्थिक विकास को नई गति देने CAIT की पहल, बीजापुर कलेक्टर से मिले अमर पारवानी

0
11

बीजापुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने बीजापुर कलेक्टर से मुलाकात कर बीजापुर सहित पूरे बस्तर संभाग के व्यापारिक और आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बैठक में व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार, स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

बैठक के दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करने, पर्यटन को बढ़ावा देने, वनोपज आधारित व्यवसाय को संगठित व्यापार से जोड़ने तथा बस्तर के स्थानीय उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

अमर पारवानी ने कहा कि बस्तर प्राकृतिक संपदा और वन संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र है। यहां उपलब्ध वनोपज स्थानीय आजीविका के साथ-साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की क्षमता रखती है। वनोपज से तैयार उत्पादों में मूल्यवर्धन, प्रसंस्करण, बेहतर पैकेजिंग और ब्रांडिंग के माध्यम से इन्हें देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है। इससे स्थानीय उत्पादकों, व्यापारियों, महिला समूहों और लघु उद्यमियों के लिए रोजगार तथा आय के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर की स्थानीय पहचान को आर्थिक ताकत में बदला जा सकता है। स्थानीय उत्पादों और वनोपज को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के साथ पर्यटन, ई-कॉमर्स और देशभर के व्यापारिक नेटवर्क का उपयोग कर नए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में CAIT सकारात्मक भूमिका निभाएगा।

पारवानी ने बताया कि जल्द ही CAIT का प्रतिनिधिमंडल बस्तर संभाग का दौरा करेगा। इस दौरान स्थानीय व्यापारिक संगठनों, व्यापारियों, उद्यमियों और वनोपज से जुड़े हितधारकों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और व्यापारिक संभावनाओं को समझा जाएगा। साथ ही वनोपज, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को राष्ट्रीय व्यापारिक बाजार से जोड़ने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शासन की विकास योजनाओं और व्यापार जगत के अनुभव, नेटवर्क एवं संसाधनों के बीच बेहतर समन्वय से बस्तर में आर्थिक गतिविधियों को नई गति दी जा सकती है। विकसित बस्तर के निर्माण में व्यापार जगत अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

इस अवसर पर CAIT छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here