रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन एवं बतौर सरकार प्रमुख सुशासन व जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बधाई देते हुए कहा कि श्री मोदी के 25 वर्षों का कार्यकाल देश के गरीबों, किसानों, श्रमिकों और युवाओं की खुशहाली को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि 80 करोड़ नागरिकों को मुफ्त अन्न सुरक्षा, ‘आयुष्मान भारत’ से 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और ‘पीएम आवास योजना’ से पक्के मकान का सपना सच होना इस बात का प्रमाण है कि मोदी सरकार की हर नीति का केंद्र बिंदु गरीब कल्याण है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने बताया कि देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रायपुर ग्रामीण के विभिन्न मंडलों में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण, स्वच्छता अभियान और फल वितरण जैसे मानवीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने जनता और कार्यकर्ताओं से राष्ट्र निर्माण के इस महायज्ञ में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।






