FASTag बैंक बदलने के लिए अब नहीं हटाना होगा पुराना स्टिकर, NHAI ने शुरू की OneTag सेवा

0
8
FASTag बैंक बदलने के लिए अब नहीं हटाना होगा पुराना स्टिकर, NHAI ने शुरू की OneTag सेवा

नई दिल्ली। FASTag यूजर्स के लिए राहत की खबर है। अब वाहन मालिक बिना नया FASTag खरीदे अपने मौजूदा FASTag को एक बैंक से दूसरे बैंक में पोर्ट करा सकेंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस सुविधा को OneTag नाम से शुरू किया है। इसके तहत वाहन की विंडस्क्रीन पर लगा मौजूदा FASTag स्टिकर और उसकी FASTag ID पहले की तरह ही बनी रहेगी।

मोबाइल नंबर पोर्ट करने जैसा होगा FASTag पोर्ट
अब तक FASTag बैंक बदलने के लिए वाहन मालिक को पुराने बैंक का FASTag बंद कराकर नया FASTag खरीदना पड़ता था। इसके बाद पुराने स्टिकर को हटाकर नया स्टिकर वाहन की विंडस्क्रीन पर लगाना पड़ता था। OneTag सेवा के जरिए यह प्रक्रिया आसान हो जाएगी। यह सुविधा मोबाइल नंबर को एक टेलीकॉम कंपनी से दूसरी कंपनी में पोर्ट कराने की तरह काम करेगी।

राजमार्गयात्रा ऐप से कर सकेंगे बैंक पोर्ट
FASTag को नए बैंक में पोर्ट करने के लिए वाहन मालिक को सबसे पहले मोबाइल में राजमार्गयात्रा ऐप पर लॉगिन करना होगा। इसके बाद वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कर यह जांचना होगा कि वाहन पोर्टेबिलिटी के लिए पात्र है या नहीं।

पात्रता की पुष्टि होने के बाद मौजूदा FASTag बैंक यूजर के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर 6 अंकों का वेरिफिकेशन कोड (MVC) भेजेगा। कोड दर्ज करने के बाद यूजर अपनी पसंद का नया FASTag इशूअर बैंक चुन सकेगा। नए बैंक के साथ कस्टमर वेरिफिकेशन और वॉलेट ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद FASTag पोर्टेबिलिटी पूरी हो जाएगी।

दोबारा पोर्ट करने के लिए 6 महीने का इंतजार
FASTag को एक बार पोर्ट कराने के बाद दोबारा किसी दूसरे बैंक में पोर्ट करने के लिए 6 महीने का कूलिंग पीरियड पूरा करना होगा। पोर्टेबिलिटी सफल होने के बाद पुराना बैंक मौजूदा FASTag वॉलेट को बंद करेगा और उसमें बची राशि को रिफंड करेगा। इसके बाद छह महीने तक FASTag को दोबारा पोर्ट नहीं किया जा सकेगा।

इन बैंकों के जरिए उपलब्ध है सुविधा
राजमार्गयात्रा ऐप में उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फिलहाल FASTag पोर्टेबिलिटी की सुविधा SBI, Airtel Payments Bank, Axis Bank, City Union Bank, Federal Bank, HDFC Bank, IndusInd Bank, Indian Overseas Bank, Karur Vysya Bank और ICICI Bank जैसे चुनिंदा बैंकों के साथ उपलब्ध है।

FASTag इकोसिस्टम को भी मिलेगा फायदा
NHAI के मुताबिक, OneTag सेवा से वाहन मालिकों को बैंक बदलने में आसानी होगी। साथ ही बार-बार नया FASTag तैयार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे टैग के उत्पादन, डिस्पैच और अन्य संबंधित खर्चों को कम करने में मदद मिलेगी। NHAI का मानना है कि इससे देश में FASTag के पूरे लाइफ साइकिल मैनेजमेंट को बेहतर बनाने और अधिक कुशल FASTag इकोसिस्टम विकसित करने में मदद मिलेगी।

मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के दौरान शुरुआत
OneTag पोर्टेबिलिटी सुविधा की शुरुआत मुंबई में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने की। इस सुविधा का उद्देश्य FASTag यूजर्स के लिए बैंक बदलने की प्रक्रिया को सरल बनाना और मौजूदा टैग को ही जारी रखना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here