मंत्रालय में नौकरी और आवास दिलाने के नाम पर 9 लाख से अधिक की ठगी, महिला समेत दो गिरफ्तार

0
9
मंत्रालय में नौकरी और आवास दिलाने के नाम पर 9 लाख से अधिक की ठगी, महिला समेत दो गिरफ्तार

धमतरी। मंत्रालय में नौकरी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का आवास दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में धमतरी पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को मंत्रालय में नौकरी और पारिजात भवन आवंटित कराने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग माध्यमों से 9 लाख 8 हजार रुपये की रकम ली थी।

पुलिस के अनुसार, भानपुरी, थाना गुरूर, जिला बालोद निवासी मनीष साहू (27) ने धमतरी सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक फरवरी 2024 में उसकी मुलाकात रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई थी। दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए उसे छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का पारिजात भवन दिलाने का झांसा दिया।

पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए आरोपी उसे मंत्रालय (महानदी भवन) भी ले गए और वहां बाहर से भवन दिखाकर इसकी कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताई। इसके बाद आरोपियों ने विभिन्न बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के माध्यम से किश्तों में कुल 9 लाख 8 हजार रुपये ले लिए। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा और भारतीय स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी पीड़ित से ले लिए गए।

कुछ समय बाद जब पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ तो उसने आरोपियों से रकम वापस मांगी। इस पर आरोपियों ने 2 लाख 98 हजार 999 रुपये वापस किए, लेकिन शेष रकम वापस नहीं की।

इसके बाद पीड़ित ने धमतरी सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर शशि प्रभा साहू पति प्रीतम साहू (50 वर्ष) और अमित कुमार देवांगन पिता स्व. सुखराम देवांगन (38 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here