रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव सड़क हादसे के बाद उपचार और स्वास्थ्य लाभ लेकर अब रायपुर लौटने वाले हैं। दिल्ली में उपचार के बाद वे 23 सितंबर की रात रायपुर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत की तैयारी की है।
जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव 23 सितंबर की रात करीब 8 बजे दिल्ली से रायपुर के लिए रवाना होंगे। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।

झांसी-ललितपुर मार्ग पर हुआ था सड़क हादसा
गौरतलब है कि किरण सिंह देव परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान झांसी-ललितपुर मार्ग पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में उन्हें कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं। इसके बाद उनका उपचार कराया गया और स्वास्थ्य लाभ के लिए वे दिल्ली में रहे।
उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार होने पर अब वे छत्तीसगढ़ लौट रहे हैं। उनके रायपुर पहुंचने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
धरमलाल कौशिक ने की मुलाकात
इधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और कुशलक्षेम जाना। उन्होंने किरण सिंह देव के शीघ्र स्वस्थ होने एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।






