रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की अवधपुरी कॉलोनी निवासी पूनम पांडे ने आयुष मिश्रा के खिलाफ जान से मारने की धमकी, मानसिक प्रताड़ना एवं भय उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए पुरानी बस्ती थाने में एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
आवेदन के अनुसार, पांडे पिछले करीब 15 वर्षों से सामाजिक एवं जनहित के कार्यों से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर 2026 को उनके निवास पर श्री गणेश जी की स्थापना एवं पूजा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पूजा की व्यवस्था के लिए उन्होंने परिचित पंडित आशीष मिश्रा को बुलाया था। आवेदन में उल्लेख है कि आशीष मिश्रा ने आयुष मिश्रा का संपर्क नंबर देते हुए पूजा संपन्न कराने की बात कही थी। पूजा के बाद पांडे ने विधिवत दान-दक्षिणा देकर उन्हें विदा किया।
आवेदन के मुताबिक, 20 सितंबर को घर पर सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन होना था। इसके लिए पहले से आशीष मिश्रा से समय तय था, लेकिन निर्धारित समय पर उनके नहीं पहुंचने पर पांडे ने संपर्क करने के उद्देश्य से आयुष मिश्रा को व्हाट्सऐप संदेश भेजकर आशीष मिश्रा से बात कराने का आग्रह किया। आरोप है कि इसके बाद आयुष मिश्रा ने लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं धमकी भरे संदेश भेजे।
पांडे के आवेदन में दावा किया गया है कि 21 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10:41 बजे आयुष मिश्रा ने व्हाट्सऐप पर जान से मारने की धमकी दी। आवेदन में कथित संदेश का उल्लेख करते हुए लिखा गया है— “आपको निपटाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा… अगर मुझे जान जाओगी तो जान से जाओगी।”
पूनम पांडे ने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।






