TRAI का बड़ा फैसला: Airtel-Jio समेत सभी टेलीकॉम कंपनियों को लाना होगा बिना डेटा वाला सस्ता मंथली प्लान

0
8
TRAI का बड़ा फैसला: Airtel-Jio समेत सभी टेलीकॉम कंपनियों को लाना होगा बिना डेटा वाला सस्ता मंथली प्लान

नई दिल्ली। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने टेलीकॉम उपभोक्ता संरक्षण नियम (TCPR) में 13वां संशोधन करते हुए टेलीकॉम यूजर्स के लिए अहम बदलाव किए हैं। नए नियमों के तहत Airtel, Jio, Vodafone Idea और BSNL जैसी टेलीकॉम कंपनियों को बिना डेटा वाले सस्ते वॉइस और SMS प्लान उपलब्ध कराने होंगे। इन प्लान का उद्देश्य खास तौर पर कम आय वाले उपभोक्ताओं को किफायती टेलीकॉम सेवा उपलब्ध कराना है।

30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाला प्लान जरूरी
TRAI के संशोधित नियमों के मुताबिक, सभी टेलीकॉम ऑपरेटर्स को 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाला कम से कम एक स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) पेश करना होगा। इस प्लान में केवल वॉइस कॉलिंग और SMS की सुविधा होगी, जबकि डेटा शामिल नहीं होगा।

TRAI ने इस संशोधन का ड्राफ्ट 7 अप्रैल 2026 को अपनी वेबसाइट पर जारी किया था। नियामक का कहना है कि टेलीकॉम सेवा अब आम लोगों की जरूरत का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है, इसलिए कम आय वाले ग्राहकों के लिए किफायती विकल्प उपलब्ध होना जरूरी है।

हर महीने एक तय तारीख पर रिचार्ज का विकल्प
नए नियमों में टेलीकॉम कंपनियों को ग्राहकों के लिए ऐसा विकल्प भी उपलब्ध कराने को कहा गया है, जिसके जरिए वे हर महीने एक तय तारीख पर अपना रिचार्ज रिन्यू करा सकें। इससे ग्राहकों को हर बार अलग-अलग तारीखों पर रिचार्ज करने की परेशानी से राहत मिल सकती है।

इसके अलावा, कंपनियों को 30 दिन से अधिक वैलिडिटी वाला कम से कम एक वॉइस और SMS-ओनली प्लान भी उपलब्ध कराना होगा। इन प्लान की कीमतें डेटा वाले प्लान की तुलना में उचित रूप से कम रखने का निर्देश दिया गया है।

फर्जी कमर्शियल कॉल्स पर भी सख्ती
TRAI ने फर्जी कमर्शियल कॉल्स और स्पैम से निपटने के लिए भी नियमों को सख्त किया है। संशोधित प्रावधानों में संदिग्ध स्पैम गतिविधियों की पहचान के लिए AI आधारित तरीकों के इस्तेमाल को शामिल किया गया है।

ऑटोमेटेड कॉल्स को लेकर भी नए प्रावधान लागू किए गए हैं। टेलीकॉम ऑपरेटर्स को संदिग्ध स्पैम गतिविधियों से जुड़े नंबरों की जानकारी साझा करनी होगी। यदि किसी गतिविधि से जुड़े कई नंबरों पर संदेह होता है, तो आगे की जांच की अनुमति भी दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here