बिलासपुर। शासन-प्रशासन के समक्ष न्याय की गुहार लगाने वाले ग्रामीणों की शिकायतों पर मैदानी स्तर पर कार्रवाई नहीं होने का मामला सामने आया है। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव मोहदा निवासी संतोष कुमार साहू (57) का आरोप है कि सामाजिक बहिष्कार की शिकायत को लेकर वह बीते पांच महीनों में तीन बार कलेक्टर कार्यालय पहुंच चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
संतोष कुमार के मुताबिक, मार्च 2023 में गांव में नवधा रामायण के आयोजन के लिए चंदा एकत्र किया जा रहा था। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने उनसे 2,500 रुपये चंदे की मांग की। बीमारी और आर्थिक तंगी के चलते वह निर्धारित राशि नहीं दे सके। आरोप है कि इसके बाद ग्रामीणों ने उनके और उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि उनसे बातचीत करने वाले लोगों पर भी 2,500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इतना ही नहीं, उनकी खेत जुताई तक रोक दी गई। मामले को लेकर रतनपुर थाने में शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। इसके बाद 13 जुलाई को पुलिस अधीक्षक और 28 जुलाई को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।
संतोष कुमार का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद गांव के कुछ प्रभावशाली लोग उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं। साथ ही इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक संदेश प्रसारित कर उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के साथ ही आरटीआई के माध्यम से भी मामले की जांच और कार्रवाई से संबंधित जानकारी मांगी है, लेकिन जांच रिपोर्ट अब तक सामने नहीं आई है। पांच माह से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे संतोष कुमार ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।






