छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 5 जिलों में ऑरेंज और 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर, सुकमा और कांकेर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव और प्रदेश में बढ़ी नमी के कारण बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ी हैं। राजधानी रायपुर में मंगलवार रातभर बारिश होती रही। बुधवार को भी शहर के कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।
धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 80 किमी तक की रफ्तार से हवा
धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा या आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं।
बलरामपुर और कोरिया समेत 25 जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चलने का अनुमान है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़ और कोरबा समेत कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई गई है।
तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी
मौसम में बदलाव के बीच प्रदेश के तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं पेंड्रा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से आंधी और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।






