गणेश विसर्जन झांकी में उमड़ा जनसैलाब, रातभर गूंजता रहा डीजे; भीड़ में फंसी एंबुलेंस

0
10
गणेश विसर्जन झांकी में उमड़ा जनसैलाब, रातभर गूंजता रहा डीजे; भीड़ में फंसी एंबुलेंस

रायपुर। गणेश विसर्जन के अवसर पर राजधानी रायपुर में निकली भव्य झांकी को देखने के लिए रातभर शहर की सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ा रहा। शारदा चौक से महादेवघाट तक निकली झांकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक शामिल हुए। जयस्तंभ चौक समेत झांकी मार्ग के आसपास के इलाकों में देर रात तक भारी भीड़ बनी रही। आकर्षक साज-सज्जा और धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

झांकी में पौराणिक कथाओं और धार्मिक प्रसंगों को अलग-अलग रूपों में प्रदर्शित किया गया। वासुकी नाग और गरुड़ के बीच युद्ध की थीम पर तैयार झांकी ने लोगों का ध्यान खींचा। वहीं एक झांकी में यमलोक पर रावण के हमले का दृश्य प्रस्तुत किया गया। दूसरी झांकी में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गरुड़ का घमंड तोड़ने का प्रसंग दिखाया गया। इन झांकियों को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

भीड़ के कारण यातायात प्रभावित, एंबुलेंस फंसी
रातभर झांकी मार्ग पर लोगों की भारी भीड़ के चलते कई जगह यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। भीड़ के बीच एक एंबुलेंस भी फंस गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रास्ता खाली कराया और एंबुलेंस को बाहर निकाला। वहीं दुर्ग से आई एक महिला भीड़ में अपने परिवार से बिछड़ गई। पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने महिला की मदद की और उसे परिवार से मिलाने की कोशिश की।

तेज डीजे और धुमाल के कंपन से दुकान का छज्जा गिरा
झांकी के दौरान तेज डीजे और धुमाल को लेकर भी स्थिति चर्चा में रही। एमजी रोड स्थित मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास तेज आवाज और कंपन के बीच एक दुकान की छत का छज्जा गिर गया। गनीमत रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में तेज डीजे की आवाज के बीच लोग नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी लोगों को रोकते नजर आ रहे हैं। मौके पर एक व्यक्ति ने तेज डीजे की आवाज को लेकर शिकायत भी की। इस दौरान कुछ झांकी समितियों द्वारा फिल्मी गाने बजाए जाने की बात भी सामने आई।

वाहनों की आवाजाही पर रोक, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
व्यवस्था बनाए रखने के लिए झांकी मार्ग पर सभी तरह के वाहनों की एंट्री बंद रखी गई थी। यातायात पुलिस की ओर से पहले ही एडवाइजरी जारी कर लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई थी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई।

डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की शिकायतें सामने आईं।

चेकिंग के दौरान शराब की बोतलें जब्त
झांकी के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह-जगह चेकिंग अभियान भी चलाया। तेलघानी नाका से शारदा चौक तक चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में कड़े और देशी शराब की बोतलें जब्त की गईं। पुलिस की टीमों ने झांकी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here