रायपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस और सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रायपुर में आयोजित ‘सियान सेवा महाकुंभ’ में सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और उन्हें व्हीलचेयर, वॉकिंग स्टिक तथा श्रवण यंत्र वितरित कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जिस घर में बुजुर्गों का सम्मान और आदर होता है, वहां विपत्ति नहीं आती। बुजुर्गों का अनुभव परिवार के लिए मार्गदर्शक होता है और कठिन परिस्थितियों में सही रास्ता दिखाता है। उन्होंने कहा कि आज एकल परिवारों के दौर में भी माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान हमारी जिम्मेदारी है। मंदिरों में भगवान की पूजा करने के साथ घर के बुजुर्गों को भी भगवान का स्वरूप मानकर उनकी सेवा करनी चाहिए।
अग्रवाल ने कहा कि रायपुर की जनता और वरिष्ठ नागरिकों के आशीर्वाद से उन्हें करीब 40 वर्षों से जनसेवा का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें आठ बार विधायक, पांच बार मंत्री और अब सांसद बनाकर सेवा का अवसर दिया है।
बुजुर्गों के लिए शुरू की थी तीर्थ यात्रा योजना
सांसद ने पूर्ववर्ती डॉ. रमन सिंह सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना से उनके मंत्री कार्यकाल में तीर्थ यात्रा योजना शुरू की गई थी। इसके माध्यम से हजारों वरिष्ठ नागरिकों को तिरुपति, केदारनाथ, बद्रीनाथ और काशी विश्वनाथ सहित विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन कराए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न वर्गों के लिए सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सियान सेवा महाकुंभ’ में शामिल वरिष्ठ नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, प्रसन्न और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।
80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को विशेष कार्ड की जानकारी
बृजमोहन अग्रवाल ने वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए विशेष कार्ड की व्यवस्था की जा रही है। इसके माध्यम से उन्हें देशभर में बस भ्रमण की सुविधा का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र वरिष्ठ नागरिकों से पंजीयन कराने की अपील की।
कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू, छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।






