रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने और जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प पखवाड़ा’ के तहत धरसीवां विधानसभा के ग्राम कुकेरा में स्वच्छता अभियान, नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सांसद अग्रवाल ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया और ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता दीदियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की नि:शुल्क जांच की गई और जरूरतमंदों को दवाओं का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन का हर क्षण देश और जनता की सेवा में समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
अग्रवाल ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल तक धान खरीद रही है। गरीब परिवारों के लिए आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख रुपये तक का उपचार, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन और घर-घर नल से जल जैसी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में रुके विकास कार्यों और आवास निर्माण को डबल इंजन की सरकार ने फिर गति दी है। कुकेरा और नवापारा क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए पानी की टंकी का निर्माण जल्द पूरा कराने का आश्वासन भी सांसद ने दिया।
सांसद ने स्वच्छता दीदियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज को स्वस्थ और स्वच्छ रखने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद्रवंशी, नितिन अग्रवाल, रुक्मणी वर्मा, पुष्पा बंजारे, राकेश यादव, अशोक सिन्हा, कृष्ण कुमार वर्मा, भरत सोनी, केदार वर्मा, पुरुषोत्तम साहू, बिरजू साहू, बलराम साहू, देवेंद्र, जिया वर्मा, किरण साहू, हीरा वर्मा, रानी जी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और मातृशक्ति उपस्थित रहे।






