विधायक मोतीलाल साहू ने यतियतनलाल वार्ड का किया औचक निरीक्षण, वार्डवासियों से की चर्चा

0
5
विधायक मोतीलाल साहू ने यतियतनलाल वार्ड का किया औचक निरीक्षण, वार्डवासियों से की चर्चा

रायपुर। रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने रविवार को रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रायपुर नगर पालिक निगम के यतियतनलाल वार्ड क्रमांक 4 के भनपुरी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राज्य लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम जोन क्रमांक 1 द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया।

विधायक साहू ने भनपुरी में नगर निगम जोन क्रमांक 1 एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रगतिरत कार्यों को तत्काल गति देने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने पटेल समाज के पदाधिकारियों एवं वार्डवासियों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। नागरिकों द्वारा सड़क निर्माण सहित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

विधायक मोतीलाल साहू ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रस्तावित निर्माणाधीन सड़क से संबंधित समस्याओं का नवरात्रि से पूर्व निराकरण कर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ एवं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने नगर निगम जोन क्रमांक 1 के अधिकारियों को वार्डवासियों से प्राप्त सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का जोन स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधायक ने क्षेत्र के सभी वार्डों में भौतिक एवं तकनीकी सर्वे शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नागरिकों की वास्तविक एवं व्यवहारिक आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क और नाली निर्माण सहित नए विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर सक्षम स्वीकृति के लिए राज्य शासन को भेजने तथा प्रस्तावों की प्रगति से उन्हें अवगत कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम जोन क्रमांक 1 के जोन अध्यक्ष गज्जू साहू, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर साहू, रायपुर नगर निगम के पूर्व पार्षद जयन्ती भाई पटेल, जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर सहित राज्य लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम जोन क्रमांक 1 के संबंधित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here