रायपुर। वक्ता मंच एवं जन एकता फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे समाजोपयोगी कार्यों की कड़ी में योग प्रशिक्षिका संगीता निर्मलकर ने अपना जन्मदिन सुंदर नगर स्थित प्रशामक देखरेख गृह (वृद्धाश्रम) में बुजुर्गों के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को शाल भेंट कर फल वितरित किए।
जन्मदिन के अवसर पर बुजुर्गों ने संगीता निर्मलकर को स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन का आशीर्वाद दिया। इस भावपूर्ण आयोजन में श्रीमती शुभा शुक्ला ‘निशा’, शुभम साहू, डॉ. इंद्रदेव यदु, हीरामणि साहू, जितेंद्र सेन एवं राजा राम रसिक सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संगीता निर्मलकर ने कहा कि वक्ता मंच की प्रेरणा से अपने जन्मदिन को समाजोपयोगी कार्य के साथ मनाने से उन्हें आत्मिक सुख की अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वे अपने एवं अपने परिजनों के प्रमुख दिवसों को भी इसी प्रकार समाजसेवा से जोड़कर मनाती रहेंगी।
वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने कहा कि प्रत्येक नागरिक सामाजिक सरोकारों से जुड़कर अपने जीवन को सार्थक दिशा दे सकता है। उन्होंने कहा कि अपनी खुशियों के पलों को समाज के जरूरतमंद वर्गों के साथ साझा करने के इच्छुक लोग वक्ता मंच से संपर्क कर सकते हैं।






