रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन दुकान से करीब 1.88 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, दो महिलाओं ने नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत होने का झांसा देकर ज्वेलरी कारोबारी का भरोसा जीता और फिर आभूषण लेकर भुगतान के नाम पर गलत हस्ताक्षर वाले चेक थमा दिए। मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी किरण साहू को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरी महिला आरोपी फरार है।
नगर निगम में कार्यरत होने का झांसा देकर जीता भरोसा
पुलिस के अनुसार, भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की सदर बाजार में विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन नाम से दुकान है। कारोबारी ने पुलिस को बताया कि 24 अगस्त 2026 को किरण साहू अपनी एक महिला साथी के साथ दुकान पहुंची थी। उसने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताया और इस तरह कारोबारी का विश्वास हासिल कर लिया। इसके बाद दोनों महिलाओं ने दुकान से करीब 37 लाख रुपये के आभूषण खरीदे। इनके एवज में 250 ग्राम सोने का बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक दिया गया।
दो दिन बाद फिर 1.73 करोड़ के आभूषण ले गईं
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 को दोनों महिलाएं दोबारा दुकान पहुंचीं। इस बार उन्होंने करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लिए। भुगतान के बदले 1,73,37,630 रुपये का चेक दिया और दो-तीन दिनों के भीतर सोने के बिस्कुट देने का आश्वासन दिया। लेकिन जब कारोबारी ने 1 सितंबर को पहले दिए गए 15 लाख रुपये के चेक को बैंक में जमा किया, तो वह गलत हस्ताक्षर होने के कारण अनादरित हो गया। इसके बाद कारोबारी ने किरण साहू से संपर्क किया, लेकिन आरोप है कि वह लगातार टालमटोल करती रही। न तो बकाया राशि का भुगतान किया गया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया गया। इस तरह कारोबारी ने दोनों महिलाओं पर कुल 1,88,37,630 रुपये मूल्य के आभूषणों की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।
एंटी क्राइम यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायतकर्ता से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी किरण साहू को पकड़ लिया।
किरण साहू गिरफ्तार, दूसरी महिला की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान किरण साहू ने अपनी साथी के साथ मिलकर कथित धोखाधड़ी को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब धोखाधड़ी से प्राप्त आभूषणों के संबंध में उससे विस्तृत पूछताछ कर रही है। मामले में दूसरी महिला आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। पुलिस ने गिरफ्तार महिला की पहचान किरण साहू (28 वर्ष), पति गोपाल साहू, निवासी मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर के रूप में की है। इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 402/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। फिलहाल, पुलिस धोखाधड़ी से प्राप्त आभूषणों की बरामदगी और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।






