रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र स्थित पोदवाल टायर फैक्ट्री में सोमवार को आग लगने से अफरातफरी मच गई। घटना के समय फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे। आग लगने की सूचना मिलते ही फैक्ट्री में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के दरवाजे बंद कर दिए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टायर बनाने की प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले टार के रिसाव के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जांच में जुटा प्रशासन
घटना की सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए प्रयास किए गए। फैक्ट्री में आग लगने से वहां काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरातफरी की स्थिति बन गई।फिलहाल आग से हुए नुकसान और किसी के हताहत होने के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना उरला थाना क्षेत्र की है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभागों की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।






