रायपुर-कुरूद और रावघाट नई रेल सेवाओं का शुभारंभ: सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी दशहरे की बधाई, कहा- ‘बस्तर को रेल से जोड़ना बनेगा ऐतिहासिक’

0
6
रायपुर-कुरूद और रावघाट नई रेल सेवाओं का शुभारंभ: सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी दशहरे की बधाई, कहा- 'बस्तर को रेल से जोड़ना बनेगा ऐतिहासिक'

रायपुर। विजयादशमी के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ को नई रेल सेवाओं की सौगात मिली। केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से रायपुर-कुरूद और रावघाट-रायपुर रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर रायपुर जंक्शन में आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेशवासियों को दशहरे की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई रेल सेवाओं की शुरुआत और प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई रेल सेवाओं के प्रारंभ होने से छत्तीसगढ़ में रेल आवागमन अधिक सुगम होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि रायपुर-कुरूद ट्रेन का विस्तार शीघ्र ही धमतरी तक किया जाएगा। वहीं, रावघाट रेल लाइन आने वाले वर्षों में जगदलपुर तक पहुंचेगी। इससे बस्तर सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बस्तर को रेल से जोड़ना छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा।

रेलवे बजट में छत्तीसगढ़ को मिल रही बड़ी राशि
अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में छत्तीसगढ़ को रेलवे के विकास के लिए प्रतिवर्ष लगभग 300 करोड़ रुपये मिलते थे, जबकि वर्तमान में यह राशि बढ़कर 7,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि यह वृद्धि प्रदेश में रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास और विस्तार के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में लगभग 51,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। इन विकास कार्यों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेश के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नई रेल सेवाओं और रेल नेटवर्क के विस्तार से छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ प्राप्त होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here