रायपुर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रस्तावित नवीन भवन के ले-आउट पर चर्चा एवं वरिष्ठ सदस्यों से मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे चै. देवीलाल व्यापार उद्योग भवन, बॉम्बे मार्केट, रायपुर में बैठक आयोजित की गई। चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में नवा रायपुर के सेक्टर-24 में बनने वाले नवीन चेम्बर भवन के प्रस्तावित ले-आउट का अवलोकन किया गया तथा भवन निर्माण को लेकर विभिन्न सुझाव दिए गए।
बैठक में चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नवीन चेम्बर भवन के लिए नवा रायपुर के सेक्टर-24 में भूमि आवंटित की गई है। शासन के सहयोग से भूमि की विधिवत रजिस्ट्री हो चुकी है तथा 30 वर्ष की लीज राशि का भुगतान भी चेम्बर द्वारा कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि नवीन भवन का ले-आउट तैयार कर लिया गया है, ताकि आवश्यक संशोधनों के बाद निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।
थौरानी ने उपस्थित वरिष्ठ सदस्यों से प्रस्तावित ले-आउट पर अपने सुझाव एवं नीतिगत मार्गदर्शन देने का आग्रह किया। इस पर सभी वरिष्ठ सदस्यों ने नवीन भवन की पहल को चेम्बर के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए थौरानी को बधाई दी। सदस्यों ने कहा कि वर्तमान आवश्यकताओं और भविष्य की योजनाओं को देखते हुए एक आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त चेम्बर भवन का निर्माण समय की आवश्यकता है।
भवन के लिए मजबूत आर्थिक व्यवस्था पर जोर
चेम्बर संरक्षक बलदेव सिंह भाटिया ने नवीन भवन के लिए थौरानी को बधाई देते हुए सुझाव दिया कि भविष्य में भवन एवं चेम्बर के सुचारू संचालन के लिए 6 से 7 करोड़ रुपये की एफडी होनी चाहिए। इसके लिए व्यापारियों एवं उद्योगपतियों की विशेष बैठक आयोजित कर सहयोग राशि जुटाने की दिशा में पहल की जानी चाहिए।
चेम्बर संरक्षक शिवराज भंसाली ने कहा कि वर्तमान चेम्बर भवन का निर्माण पूरनलाल अग्रवाल एवं श्रीचंद सुंदरानी के कार्यकाल में हुआ था। उन्होंने विश्वास जताया कि नवा रायपुर में नया चेम्बर भवन भी सतीश थौरानी के कार्यकाल में बेहतर ढंग से तैयार होगा। उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए थौरानी को बधाई दी।
चेम्बर सलाहकार संतोष जैन ने प्रस्तावित ले-आउट की सराहना करते हुए कहा कि इसका स्वरूप अच्छा है। आवश्यकता के अनुसार मीटिंग हॉल एवं अन्य कक्षों के आकार में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि चेम्बर सदस्यों से 500 रुपये अतिरिक्त सहयोग राशि ली जाए, तो एक वर्ष में कम से कम डेढ़ करोड़ रुपये एकत्रित किए जा सकते हैं।
पार्किंग, ऑडिटोरियम और अतिथि कक्षों पर विशेष ध्यान देने का सुझाव
चेम्बर सलाहकार विजय मुकीम ने कहा कि नवा रायपुर में भवन बनने के कारण पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आवागमन मुख्य रूप से कार से होने की संभावना है। ऐसे में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक होगा।
चेम्बर के वरिष्ठ सदस्य राजेन्द्र जग्गी ने प्रस्तावित भवन को ऑडिटोरियम शैली में विकसित करने तथा प्रस्तावित कमरों की संख्या में 5 से 7 कमरे और बढ़ाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि बैठकों एवं अन्य आयोजनों के दौरान पार्किंग की समस्या उत्पन्न हो सकती है, इसलिए इसके लिए समुचित प्रबंध किया जाना चाहिए।
चेम्बर कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने सुझाव दिया कि नवीन भवन का निर्माण वास्तु के अनुरूप किया जाए। वहीं, चेम्बर के अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने भी भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, सभागृह, ऑडिटोरियम तथा बाहर से आने वाले व्यापारियों के लिए अतिथि कक्ष जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। सदस्यों ने आवश्यकतानुसार प्रस्तावित ले-आउट में बदलाव करने पर भी जोर दिया।
चेम्बर कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी ने सतीश थौरानी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में चेम्बर ने उल्लेखनीय विकास किया है।
दीपावली के बाद होगा भूमि पूजन
बैठक में प्राप्त सुझावों एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि वरिष्ठ सदस्यों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए ले-आउट में अंतिम संशोधन किया जाएगा। इसके बाद दीपावली के पश्चात शीघ्र ही नवीन चेम्बर भवन का भूमि पूजन किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नया भवन व्यापारियों एवं उद्योगपतियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, संरक्षक पूरनलाल अग्रवाल, बलदेव सिंह भाटिया, शिवराज भंसाली, सलाहकार सरल मोदी, छगनलाल मूंदड़ा, संजय रूंगटा, अरविंद जैन, लखमशी पटेल, किशोर आहूजा, अशोक मलानी, अमर गिदवानी, चंदर विधानी, विजय मुकीम, गुरजीत सिंह संधु, विनोद तलरेजा, संतोष जैन, चेयरमेन गोपाल कृष्ण अग्रवाल, वाइस चेयरमेन चेतन तारवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी एवं जसप्रीत सिंह सलूजा, विक्रम सिंहदेव, कार्यकारी महामंत्री कपिल दोशी एवं विकास आहूजा, वरिष्ठ सदस्य मनमोहन अग्रवाल, राजेन्द्र जग्गी, जितेन्द्र दोशी एवं रमेश गांधी, चेम्बर उपाध्यक्ष सुशील रामदास, दिलीप इसरानी एवं जितेन्द्र शादीजा, महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।






