रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। लीग के पांचवें मैच में सुरेंद्र सिंह की अगुवाई वाली न्यायधानी नाइट्स ने शानदार वापसी करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से शिकस्त दी और टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने मैच देखने पहुंचे। मुकाबलों के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
खराब शुरुआत के बाद न्यायधानी नाइट्स की शानदार वापसी
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मुकाबले की शुरुआत में आक्रामक खेल दिखाया। टीम को शुरुआती दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह उन्हें गोल में बदलने में नाकाम रही। इसके बाद ओम कुमार यादव ने जीतू हेमला के पास पर गेंद को डिफ्लेक्ट कर गोल दागा और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 1-0 की बढ़त दिलाई।
दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स ने जोरदार वापसी की। सुखवेद निर्मलकर ने फील्ड गोल कर स्कोर बराबर किया। इसके कुछ ही देर बाद शादाब अहमद खान ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिला दी। फिर चिराग ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए न्यायधानी नाइट्स की बढ़त 3-1 कर दी। पहले हाफ में अधिकतर समय दबाव बनाए रखने के बावजूद संस्कारधानी स्ट्राइकर्स गोल करने के मौकों का पूरा फायदा नहीं उठा सकी।
पेनाल्टी कॉर्नर से चिराग का शानदार प्रदर्शन
तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने वापसी की कोशिश की। टीम को मिले पेनाल्टी स्ट्रोक पर आशीष तानी पूर्ति ने गोल कर अंतर कम किया। हालांकि, न्यायधानी नाइट्स की ओर से चिराग ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की बढ़त फिर से दो गोल की कर दी।
मैच के अंतिम चरण में आशीष तानी पूर्ति ने पेनाल्टी कॉर्नर पर अपना एक और गोल दागा, लेकिन संस्कारधानी स्ट्राइकर्स बराबरी हासिल नहीं कर सकी। अंत में सोनू ने न्यायधानी नाइट्स के लिए पांचवां गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। इस तरह न्यायधानी नाइट्स ने मुकाबला 5-3 से अपने नाम किया।
शानदार प्रदर्शन के लिए चिराग को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि आशीष तानी पूर्ति को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों सहित मैच के स्टार परफॉर्मर्स को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराया
दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस हार के साथ राजधानी रॉयल्स को लगातार दूसरी बार निराशा हाथ लगी, जबकि चक्रधर चैंपियंस ने सेमीफाइनल में जगह बनाने की अपनी संभावनाओं को और मजबूत कर लिया।
चक्रधर चैंपियंस के परमप्रीत सिंह मुकाबले के स्टार रहे। उन्होंने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं, राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने गोल किया। अब सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए राजधानी रॉयल्स को अपने शेष मुकाबलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करनी होगी।
रविवार को होंगे दो मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रविवार को भी दो रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे। इन मुकाबलों के नतीजों से सेमीफाइनल की दौड़ और दिलचस्प होने की उम्मीद है।






