कैट छत्तीसगढ़ ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा से की मुलाकात, व्यापारियों की समस्याओं पर हुई सार्थक चर्चा

0
11
कैट छत्तीसगढ़ ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा से की मुलाकात, व्यापारियों की समस्याओं पर हुई सार्थक चर्चा

रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी के नेतृत्व में रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा से मुलाकात कर शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में व्यापारियों को हो रही विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पार्किंग, यातायात, साफ-सफाई, जलभराव और दुकानदारों को हो रही प्रशासनिक परेशानियों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

बैठक में अमर पारवानी ने कहा कि कैट का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और आपसी संवाद एवं समन्वय के माध्यम से उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शहर का व्यापारिक वातावरण सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन एवं व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है।

बैठक में रविभवन व्यापारी संघ ने जयस्तंभ चौक के समीप स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के शुल्क में दोगुने से अधिक वृद्धि पर आपत्ति जताई। व्यापारियों ने कहा कि पार्किंग शुल्क बढ़ने से दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। इसके अलावा पार्किंग परिसर में सीसीटीवी कैमरों एवं लिफ्ट की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया।

महात्मा गांधी व्यापारी विकास संघ (एमजी रोड) के प्रतिनिधियों ने दुकानों के सामने संचालित चैपाटी और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण व्यापारिक गतिविधियों में आ रही बाधाओं की जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने और ग्राहकों को दुकानों तक आसानी से पहुंच उपलब्ध कराने की मांग की।

वहीं, इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) भाठागांव व्यापारी संघ ने विस्थापन के दौरान आवंटित दुकानों के व्यापारियों को निगम अधिकारियों द्वारा बार-बार परेशान किए जाने की शिकायत रखी। व्यापारियों ने नियमानुसार स्पष्ट और सहयोगात्मक व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया।

लालपुर व्यापारी संघ ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र में जलभराव, गंदगी और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधियों ने जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, नियमित साफ-सफाई कराने तथा सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

आयुक्त ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यापारिक क्षेत्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर कैट के प्रतिनिधियों ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना संगठन की प्राथमिकता है। कैट छत्तीसगढ़ व्यापारिक हितों के साथ-साथ जनसुविधाओं और शहर की बेहतर व्यवस्थाओं के लिए भी लगातार प्रयासरत है। संगठन ने आयुक्त संबित मिश्रा का व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और सहयोगात्मक रुख अपनाने के लिए आभार व्यक्त किया।

बैठक में कैट छत्तीसगढ़ के चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, विक्रम सिंहदेव, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी, शंकर बजाज सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा जय नानवानी, कैलाश खेमानी, संजय जादवानी, मोहम्मद सोहेल सेठी, हिमांशु वर्मा, विक्रम केवलानी, आनंद क्षत्री, ठाकुर दास लुल्ला, नदीम एवं विकास सिपानी भी प्रमुख रूप से शामिल हुए।

कैट पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर नगर निगम प्रशासन शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे व्यापारियों को राहत मिलने के साथ ही शहर की व्यापारिक और नागरिक सुविधाओं में भी सुधार होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here