रायपुर। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज के अवसर पर स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने तथा स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने प्रदेशव्यापी महा-अभियान ‘आया त्योहार, चलो बाजार-रोशन बाजार, समृद्ध व्यापार’ का शुभारंभ किया। 27 अक्टूबर को रायपुर के मटकी लाइन, गोल बाजार से चेम्बर के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान के माध्यम से व्यापारियों और आम नागरिकों से स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने तथा स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की गई।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर चेम्बर पदाधिकारियों ने गोल बाजार में स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये और स्वदेशी उत्पाद खरीदकर मुहिम की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक बाजारों में रौनक बढ़ाने के साथ स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और स्वदेशी उत्पाद निर्माताओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना है।
स्थानीय बाजारों से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था : थौरानी
चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि त्योहारों की असली रौनक ऑनलाइन स्क्रीन पर नहीं, बल्कि अपने पारंपरिक बाजारों की चहल-पहल में दिखाई देती है। स्थानीय बाजार मजबूत होंगे, तभी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस दीपावली घर-आंगन को चाइनीज लाइटों के बजाय स्थानीय कुम्हारों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीयों से रोशन करें। साथ ही, त्योहारों की खरीदारी स्थानीय दुकानदारों और स्वदेशी उत्पाद निर्माताओं से करें, ताकि स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलने के साथ छोटे कारोबारियों और कारीगरों की आय में भी वृद्धि हो सके।
प्रमुख बाजारों का निरीक्षण करेगा चेम्बर
त्योहारी सीजन में बाजारों की व्यवस्था को लेकर थौरानी ने बताया कि चेम्बर का विशेष प्रतिनिधिमंडल रायपुर शहर के प्रमुख और व्यस्ततम बाजारों का लगातार दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेगा। इसका उद्देश्य बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों और व्यापारियों को होने वाली परेशानियों को दूर करने की दिशा में पहल करना है।
उन्होंने कहा कि चेम्बर शासन और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करेगा। त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा। चेम्बर ने व्यापारियों से भी व्यावसायिक नियमों का पालन करने और सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की, ताकि ग्राहकों को बाजारों में स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके।
गोल बाजार के तीन व्यापारियों को चेम्बर में नई जिम्मेदारी
‘रोशन दिवाली, रोशन बाजार’ कार्यक्रम के दौरान चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने गोल बाजार के विवेकानंद गुप्ता, कलीराम साहू और मोहम्मद अजीज ममदानी को चेम्बर का नया मंत्री मनोनीत किया। इन नियुक्तियों को संगठन को और मजबूत करने तथा स्थानीय व्यापारियों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
व्यापारी और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, राजेश वासवानी, गोल बाजार पार्षद एवं एमआईसी सदस्य मुरली शर्मा, उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, राजकुमार तारवानी, दिलीप इसरानी, प्रकाश लालवानी, मनीष प्रजापति, राजेश गिदवानी, राजकुमार राठी, सोनिया साहू, मंत्री प्रशांत गुप्ता, भरत पमनानी, पंकज जैन, सतीश बागड़ी, गुलाब चंद्र साहू, विवेकानंद गुप्ता और मोहम्मद अजीज ममदानी उपस्थित रहे।
इसके अलावा महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता, कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल, मर्चेंट एसोसिएशन गोल बाजार के अध्यक्ष सतीश जैन, महामंत्री कलीराम साहू, गोल बाजार व्यापारी संघ से धनराज जैन, दिनेश साहू, कन्हैया सचदेव, विनय गुप्ता, अजय देवांगन, परवेज भाई, दीपक गुप्ता, दर्शन होतवानी, निखिल पंड्या, मुन्ना ठाकुर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
चेम्बर पदाधिकारियों ने सभी व्यापारियों और प्रदेशवासियों से एकजुट होकर ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।






